ऑटो में बैठते ही हुआ खेल, तीन लाख का सोने का झुमका चोरी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में टप्पेबाजी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कप्तानगंज मार्ग स्थित वर्मा ज्वेलर्स से बनवाया गया करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सोने का झुमका ऑटो यात्रा के दौरान चोरी हो गया।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सियरहीभार निवासी आएशा खातून ने आर्डर पर करीब 20 ग्राम का सोने का झुमका तैयार कराया था। बुधवार की शाम वह झुमका लेकर ऑटो से घर लौट रही थीं। ऑटो में उनके बगल की सीट पर एक अन्य महिला भी बैठी थी। हरपुर चौक पर उतरने के बाद जब वह घर पहुंचीं और बैग देखा तो झुमका गायब मिला।


घबराई पीड़िता तत्काल हरपुर चौक लौटी, लेकिन तब तक ऑटो और साथ बैठी संदिग्ध महिला वहां से जा चुकी थी। मामले की सूचना ज्वेलर्स को दी गई, जिसके बाद दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में झुमका दुकान से सुरक्षित ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। पनियरा रोड तक पैदल आने के दौरान किसी प्रकार की घटना सामने नहीं आई, जिससे ऑटो में टप्पेबाजी की आशंका और गहरी हो गई।


सूचना पर पुलिस चौकी परतावल की टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की। समाचार लिखे जाने तक चोर का कोई सुराग नहीं लग सका था। पीड़िता ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


इस संबंध में सीओ सदर जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *