महराजगंज, 25 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार को जनपद के 11 केंद्रों पर सख्त सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 6786 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 1854 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा प्रति पाली 4320 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।
पहली पाली में 3358 और दूसरी पाली में 3428 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर अभ्यर्थियों की गहन जांच और फ्रिस्किंग की गई। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ केंद्र प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रही।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कुल 437 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिनमें पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, महिला आरक्षी, एलआईयू और ट्रैफिक पुलिस शामिल रहे। इसके अलावा कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल भी लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। रविवार को भी सभी 11 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 8640 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।

