हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही इसके विस्तार की मांग तेज हो गई है। प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायक पनियरा के माध्यम से सौंपते हुए लोकतांत्रिक निरंतरता एवं सुशासन के हित में पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश की पंचायतों का कार्यकाल क्रमशः 26 मई 2026 और 19 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है, जबकि वर्तमान परिस्थितियों में समय से चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा। मतदाता सूची के पुनरीक्षण में देरी, समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन लंबित होना तथा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित “ट्रिपल टेस्ट” की प्रक्रिया अधूरी होने के कारण चुनाव कराना विधिक रूप से उचित नहीं होगा।
प्रधान संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्वाचित पंचायतों के स्थान पर प्रशासकों की नियुक्ति की जाती है, तो इससे पारदर्शिता और जवाबदेही प्रभावित होगी। पूर्व के अनुभवों का हवाला देते हुए बताया गया कि प्रशासक व्यवस्था में कई स्थानों पर वित्तीय अनियमितताएं और जवाबदेही का अभाव सामने आया है, जिससे ग्रामीण स्तर पर विश्वास कमजोर हुआ।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अन्य राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में समान परिस्थितियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों को ही कार्यभार सौंपकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखा गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाना सबसे व्यावहारिक और जनहितकारी निर्णय होगा।
इस दौरान सचिन कुमार सिंह (जिला उपाध्यक्ष, प्रधान संगठन) के नेतृत्व में एजाज खान (जिलाध्यक्ष), सुनील चौधरी, मुनीब सिंह, दिनानाथ, बलवंत विश्वकर्मा, सुधाकर, श्याम पांडे, कृष्ण मुरारी चौरसिया, अमित सिंह, राजेश सिंह, रामचंद्र, अली मोहम्मद, हेसामुद्दीन समेत कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

