सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में फिसड्डी विभागों पर सख्त हुए सीडीओ, एक हफ्ते में सुधार के निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 24 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और मत्स्य सहित कई विभागों के कार्यों की गहन पड़ताल की गई।


समीक्षा के दौरान सीडीओ ने कम रैंकिंग वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 शुरू हो चुका है, ऐसे में सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करें और सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति में सुधार लाएं।


सीडीओ ने पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही फैमिली आईडी निर्माण को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ पात्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।


मनरेगा कार्यों की समीक्षा में श्रमिक कार्डधारकों की ई-केवाईसी प्रगति कम मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने धानी, बृजमनगंज और महराजगंज के एपीओ को जिला मुख्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दिए और एक सप्ताह के भीतर 95 प्रतिशत कार्डधारकों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने को कहा। साथ ही ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश भी दिए।


राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए मिशन मोड में समूह गठन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए, डीपीआरओ, डीआईओ, एआर कोऑपरेटिव समेत अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *