यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 घोषित: 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म

उत्तर प्रदेश प्रयागराज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


प्रयागराज/महाराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम गुरुवार शाम 4:00 बजे घोषित कर दिया। यूपी बोर्ड मुख्यालय में सभापति डॉ. महेंद्र देव और सचिव भगवती सिंह ने संयुक्त रूप से रिजल्ट जारी किया। इस वर्ष करीब 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार समाप्त हुआ।


इस बार बोर्ड ने पिछले वर्षों की तुलना में तेजी दिखाते हुए मूल्यांकन के मात्र 20 दिनों के भीतर ही परिणाम घोषित कर दिया। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में परिणाम 25 अप्रैल को जारी हुआ था, जबकि इस वर्ष दो दिन पहले ही रिजल्ट घोषित कर दिया गया। बोर्ड के अनुसार परीक्षा नकल विहीन, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचिता पूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।


हाईस्कूल परीक्षा में कुल 90.42 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए, जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 और बालिकाओं का 93.76 रहा। वहीं इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिसमें बालकों का पास प्रतिशत 75.04 और बालिकाओं का 86.32 प्रतिशत दर्ज किया गया। दोनों ही परीक्षाओं में बालिकाओं ने बेहतर प्रदर्शन किया।


टॉपर्स की सूची में हाईस्कूल में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर 97.50 प्रतिशत अंक के साथ अदिति रहीं, जबकि तृतीय स्थान पर 97.33 प्रतिशत अंक के साथ अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा ने जगह बनाई।

इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि नंदिनी गुप्ता और श्रिया वर्मा 97.20 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *