हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ही बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनकी 7 माह की मासूम बेटी को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार,भारत खंड पकडी के निवासी नौशाद (28) अपनी पत्नी सलेहा (26) और बीमार 7 माह की बेटी को इलाज के लिए परतावल अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान सिंदुरिया-चिउटहां मार्ग पर बलुवही धूस गांव के पास पीछे से आ रहे गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पत्नी और बेटी ट्रेलर के नीचे आ गए, जबकि नौशाद दूर जा गिरे। हेलमेट पहने होने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था। सड़क पर खून फैल गया और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 12 किलोमीटर दूर घुघुली क्षेत्र से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
इस हादसे से मृतक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नौशाद की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी बेटी ही उसकी इकलौती संतान थी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

