हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
‘मौत का गड्ढा’ बनी मंगलपुर पुलिया, प्रशासन खामोश , हर दिन जानें जोखिम में

महराजगंज जनपद के भटहट–पनियरा मार्ग पर स्थित मंगलपुर चौराहे की नहर पुलिया अब ‘मौत का गड्ढा’ बन चुकी है। पुलिया के बीचों-बीच बने बड़े और खतरनाक होल ने आवागमन को न केवल बाधित कर दिया है, बल्कि हर गुजरने वाले राहगीर की जान पर सीधा खतरा बढ़ा दिया है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की चुप्पी लोगों के गुस्से को और भड़का रही है।
परतावल ब्लॉक क्षेत्र के मंगलपुर चौराहे पर स्थित छपिया रजवाहा नहर की यह पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में है। पुल के बीच बना गहरा होल कभी भी किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग दर्जनों गांवों की जीवनरेखा है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में पुलिया की बदहाल स्थिति सीधे-सीधे जनसुरक्षा से खिलवाड़ मानी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन भयावह होती जा रही है। क्षेत्र में लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता चिंता का विषय बन चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिनेश कन्नौजिया, वशिष्ठ सिंह, बृजभान सिंह, केदार सिंह, लालबहादुर और रमाकांत सहित कई ग्रामीणों ने पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को मौके की स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने स्थल का निरीक्षण कर समस्या की गंभीरता को स्वीकार किया और संबंधित विभाग को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।
अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी, या फिर समय रहते इस जानलेवा पुलिया की मरम्मत कर लोगों को राहत दी जाएगी? फिलहाल ग्रामीणों की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

