धानी बाजार की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, व्यापार मंडल ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी


फरेंदा/महराजगंज। धानी बाजार में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही का मामला सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को धानी व्यापार मंडल के अध्यक्ष बलराम अग्रहरी व महामंत्री अभिषेक अग्रहरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में बताया गया कि धानी बाजार स्थित काली मंदिर परिसर में लंबे समय से कचरा जमा है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में स्थानीय निवासी प्रतीक अग्रहरी द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उप जिलाधिकारीफरेंदा को ज्ञापन देते धानी  व्यापार मंडल के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी


व्यापार मंडल का आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के नाम पर ब्लॉक धानी के सहायक विकास अधिकारी द्वारा फर्जी रिपोर्ट लगाई गई, जिसमें चार लोगों के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने इन हस्ताक्षरों को पूरी तरह फर्जी बताया है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।


मामले की जानकारी होते ही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी से मुलाकात कर विरोध जताया और बाजार में नियमित व प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ ही कथित फर्जी रिपोर्ट तैयार करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धानी बाजार में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने फर्जी रिपोर्ट के आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया।


इस दौरान व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष दीपक अग्रहरी, मंत्री अभिषेक अग्रहरी, मीडिया प्रभारी शनिदेव अग्रहरी व प्रतीक अग्रहरी सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *