रात में भी लगेगा बिजली कट का झटका, ग्रिड पर बढ़े लोड के चलते 1-2 घंटे की होगी आकस्मिक कटौती

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। जिले में बढ़ती बिजली मांग के बीच पावर ग्रिड पर लोड संतुलित रखने के लिए विद्युत विभाग ने रात्रिकालीन आकस्मिक बिजली कटौती शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ तहसील और नगर पंचायत क्षेत्रों के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों से जुड़ी आपूर्ति रात में एक से दो घंटे तक बाधित की जा सकती है।


विद्युत वितरण मंडल महराजगंज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पारेषण स्तर पर ग्रिड संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। परिस्थितियों के अनुसार कटौती की अवधि कम या अधिक भी हो सकती है।


विभाग का कहना है कि जनपद के सभी 32 विद्युत उपकेंद्रों से निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। केवल शटडाउन, ब्रेकडाउन, रोस्टरिंग अथवा ग्रिड संतुलन की आवश्यकता होने पर ही आपूर्ति प्रभावित होगी।


विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आकस्मिक कटौती के दौरान धैर्य बनाए रखें और बिजली का उपयोग आवश्यकतानुसार एवं सुरक्षित तरीके से करें, ताकि पूरे जिले में विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *