200 कनेक्शनों का भार, नीचे लटक रहे तार , कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल (महराजगंज)। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 7 अहिल्याबाई नगर (देवीपुर) में बिजली व्यवस्था की लचर हालत अब लोगों के लिए खतरे की घंटी बन गई है। क्षेत्र में लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड पड़ने के कारण बिजली के तार नीचे झूल रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर करीब 200 उपभोक्ताओं का कनेक्शन जुड़ा हुआ है, जो इसकी क्षमता से कहीं ज्यादा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कई स्थानों पर तार इतने नीचे आ गए हैं कि राहगीरों और छोटे बच्चों के लिए यह जानलेवा साबित हो सकते हैं। बारिश या तेज हवा के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे शॉर्ट सर्किट और करंट फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
समस्या से परेशान वार्डवासियों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी से शिकायत की। शिकायत मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
उनके हस्तक्षेप पर अवर अभियंता विद्युत जुगनू अंसारी को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अवर अभियंता ने माना कि ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है और उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वर्तमान 63 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह कम से कम 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, साथ ही झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

