इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण में धांधली का आरोप, मिट्टी से बन रही सड़क पर ग्रामीणों का हंगामा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामसभा चटिया में निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग सड़क को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में जहां बालू का प्रयोग होना चाहिए, वहां खुलेआम मिट्टी डाली जा रही है। इससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की लापरवाही से सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी तय है।


ग्रामीण नरेश, रम्भा, आशा और सोना देवी समेत कई लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य में न तो मानक के अनुसार गिट्टी का उपयोग हो रहा है और न ही सड़क का बेस सही तरीके से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में सड़क पूरी तरह खराब हो जाएगी और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *