गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा के तहत श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का दिया संदेश
हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
निचलौल (महराजगंज)। गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा के तहत जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज रविवार को निचलौल विधानसभा क्षेत्र के सिसवा एवं निचलौल स्थित आशा मैरेज हॉल पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए भक्तों की उपस्थिति से पूरा परिसर धार्मिक वातावरण में सराबोर रहा।
अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल गौ संरक्षण के प्रति समाज और सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए निकाली जा रही है।
उन्होंने कहा कि जो भी सरकार गौ माता को केवल पशु नहीं, बल्कि ‘राष्ट्रीय गौ माता’ का दर्जा प्रदान करेगी, उनका समर्थन उसी सरकार के साथ रहेगा। उन्होंने दोहराया कि यह अभियान किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए नहीं, बल्कि गौ माता के सम्मान, संरक्षण और सनातन संस्कृति के संवर्धन के लिए जनजागरण का माध्यम है।
जगद्गुरु शंकराचार्य ने बताया कि गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा को देश की प्रत्येक विधानसभा तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गौ सेवा और संरक्षण के लिए जागरूक किया जा सके।
करीब एक घंटे तक श्रद्धालुओं के बीच रहे शंकराचार्य ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए गौ सेवा, भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह, विनय पाण्डेय, विजय तिवारी, मनोज, विपिन, अनमोल, पशुपति, नवनीता पटेल, सतीश यादव, विद्यासागर, हर्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

