राजस्व और पुलिस अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड संख्या-23 शास्त्री नगर (बीजापार छावनी टोला) निवासी कमला देवी ने अपनी निजी भूमि पर कथित कब्जे के मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
कमला देवी के अनुसार, उनकी करीब 1322 वर्गफीट निजी भूमि पर उनके सगे पटीदार ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर उनके और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे उनकी भूमि पर स्वामित्व और सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना-पत्र में उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, कथित कब्जा हटवाने, भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में दूसरे पक्ष का कोई बयान सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन की ओर से भी अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।

