मोबाइल मैसेज से खुली पोल, बिना सिलेंडर मिले ही दिखा दी जा रही सप्लाई
महराजगंज जनपद के बागापार स्थित श्री लक्ष्मी एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार एजेंसी पर उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी डिलीवरी दिखाकर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का आरोप लगा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर गैस डिलीवरी के मैसेज प्राप्त हो रहे हैं, जबकि उन्हें वास्तविक रूप से सिलेंडर मिला ही नहीं। एक मामले में 22 मार्च 2026 की बुकिंग और डिलीवरी का मैसेज, कैश मेमो नंबर के साथ भेजा गया, लेकिन उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं मिला।
आरोप है कि एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं के डाटा का दुरुपयोग कर फर्जी डिलीवरी दर्ज कर रहा है और सिलेंडर खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेच रहा है। बताया जा रहा है कि 1300 से 1600 रुपये तक में सिलेंडर की बिक्री की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ताजा मामले के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं एजेंसी संचालक अशोक कुमार से भी संपर्क नहीं हो सका।

