रेलवे ट्रैक पर मिला 15 वर्षीय किशोर का शव, ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय

महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत खुशहालनगर रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को रात्रि करीब 11:35 बजे घुघली रेलवे स्टेशन मास्टर द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि घुघली से कप्तानगंज की ओर जा रही मालगाड़ी संख्या BNC 38878 के लोको पायलट ने पोल संख्या 349/5-7 के बीच ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा होने की जानकारी दी है।


सूचना पर थानाध्यक्ष कुँवर गौरव सिंह, चौकी प्रभारी जखीरा व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक किशोर का शव ट्रैक पर पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है। हादसे में किशोर का बायां पैर कट गया था, जबकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए।


तलाशी के दौरान किशोर की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान प्रिंस शर्मा (15) पुत्र गणेश शर्मा, निवासी करौता उर्फ नेबुईया, थाना घुघली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल महराजगंज स्थित मर्चरी हाउस में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


थानाध्यक्ष कुँवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *