भुलना में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारम्भ, कृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर उर्फ भुलना (पोस्ट–सोनबरसा) में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ 6 अप्रैल 2026, सोमवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। कथा का आयोजन 14 अप्रैल 2026, मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न होगा। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।


कथा के शुभारम्भ अवसर पर आचार्य श्री सर्वेश पाण्डेय एवं महेंद्र पाण्डेय जी ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा, जहां श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।कथा के क्रम में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्म का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया।

इस अवसर पर कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें लड्डू गोपाल के जन्म की झांकी सजाई गई। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर जन्मोत्सव को उत्सव का रूप दे दिया। कथावाचकों ने श्रीकृष्ण लीला, उनके बाल चरित्र एवं जीवन के विभिन्न प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए भक्तों को धर्म, नीति और भक्ति का संदेश दिया। कथा सुनने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

इस आयोजन में मुख्य कथाश्रोता के रूप में श्रीमती चिनका देवी एवं श्री नन्दलाल शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा मोहन, कन्हैया, आजाद, सोनू, मोनू, आलोक, पवन, प्रिन्स, राज, श्याम, अभिजीत, अभिनव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।


कार्यक्रम में बरोहिया ग्राम प्रधान सोनू गुप्ता एवं मोहनपुर ग्राम प्रधान वरुन शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही अमित पांडे, गणेश गुप्ता, लल्लन शर्मा, नाथू यादव सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।आयोजकों के अनुसार कथा के समापन दिवस पर हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है और लोग श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कथा का आनंद ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *