निचलौल सीएचसी पहुंचे डीएम, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी गुणवत्ता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


वार्ड, लैब और निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई व बेहतर उपचार व्यवस्था के दिए निर्देश


निचलौल : महराजगंज जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के वार्डों, पैथोलॉजी लैब तथा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने 30 शैय्या प्रसूता वार्ड का भी निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों की फाइलों का अवलोकन कर डिलीवरी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।


डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी आवश्यक सेवाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।


अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ नगर पंचायत निचलौल को भी नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।


निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बाइट: गौरव सिंह सोगरवाल, जिलाधिकारी महराजगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *