साहब : ताले में बंद हैं पंचायत भवन, कागजों में पूरी हो रही निविदा! बौलिया बाबू में प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

ग्रामीणों का आरोप , मिलीभगत से चहेती फर्मों को फायदा, खुली बैठक का दावा संदिग्ध

महराजगंज जनपद के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत बौलिया बाबू ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जहां एक ओर अभिलेखों में खुली बैठक कर निविदा प्रक्रिया पूरी होने का दावा किया गया है, वहीं दूसरी ओर मौके पर पंचायत भवन बंद मिला, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, जिस तिथि और समय पर खुली बैठक आयोजित होने की बात कही जा रही है, उस दौरान पंचायत भवन पर ताला लटका हुआ था। न तो वहां कोई अधिकारी मौजूद था और न ही निविदा प्रक्रिया से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दी। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि अगर बैठक वास्तव में हुई होती, तो मौके पर लोगों की उपस्थिति और आवश्यक व्यवस्थाएं साफ नजर आतीं।


स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से निविदा प्रक्रिया को केवल औपचारिकता बनाकर अपने पसंदीदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।


ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की अपारदर्शी प्रक्रिया से न केवल शासन की मंशा प्रभावित होती है, बल्कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।

अब तक इस पूरे प्रकरण पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

इस संबंध में जब संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *