हर्षोदय टाइम्स / अभिनव पाण्डेय

सेंटर शुरू होने से पहले ही जर्जर, कूड़ा प्रबंधन ठप; जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा
महराजगंज/पनियरा। विकास खंड पनियरा के ग्राम सभा लक्ष्मीपुर में स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत चिंताजनक बनी हुई है। लाखों रुपये की लागत से निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) उपयोग में आने से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
करीब तीन वर्ष पूर्व बनाए गए इस सेंटर का आज तक संचालन शुरू नहीं हो सका। आलम यह है कि बिना उपयोग के ही भवन जर्जर होने लगा है और यह योजना केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सेंटर तक पहुंचने के लिए कोई व्यवस्थित मार्ग तक नहीं बनाया गया, जिससे इसका उपयोग शुरू करना और भी मुश्किल हो गया।

गांव में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था भी लागू नहीं हो पाई है। परिणामस्वरूप जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उड़ता हुआ सूखा कचरा लोगों के घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने के लिए उपलब्ध वाहन का उपयोग नियमित सफाई कार्यों के बजाय निजी कार्यों में किया जा रहा है। इससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
जहां एक ओर सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर इस तरह की लापरवाही योजनाओं की हकीकत उजागर कर रही है।
इस मामले में खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है और पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

