प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री व तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 08 अप्रैल 2026। जनपद में अवैध एवं प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने नौतनवा तहसील क्षेत्र में बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की कई दवा दुकानों पर एक साथ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान लारी मेडिकल स्टोर, नेशनल मेडिकल स्टोर, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स, शुभम मेडिकल स्टोर, पाठक मेडिकल स्टोर, अनामिका मेडिकल स्टोर और कृष्णा मेडिकल स्टोर सहित कुल सात प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने दुकानों में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, अभिलेख, लाइसेंस और गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान चार दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर वहां से दवाओं के नमूने लेकर सील कर दिए गए। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच होगी। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी नौतनवा ने स्पष्ट किया कि जनपद में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दवा तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध दवाओं की बिक्री या अवैध गतिविधियां नजर आएं तो तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

