तेज रफ्तार पिकअप का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, किशोर गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर शिवाला निवासी धर्मवीर (35) पुत्र कन्हैयालाल बुधवार रात करीब 9:30 बजे बाइक से एक महिला और किशोर के साथ भिटौली दवा कराने जा रहे थे। इसी दौरान परतावल की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार धर्मवीर और 10 वर्षीय आकाश पुत्र नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल महराजगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल किशोर का इलाज जारी है। बाइक पर सवार महिला सुनीता को मामूली चोटें आई हैं।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *