हर्षोदय टाइम्स से अभिनव पाण्डेय
महराजगंज, 7 अप्रैल 2026। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पनियरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्त को संयुक्त टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में थाना पनियरा पुलिस ने सर्विलांस सेल, एसओजी और स्वाट टीम के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वाजिद अली (25 वर्ष) पुत्र नजर हुसैन, निवासी ग्राम जंगल बब्बन, थाना कैम्पियरगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसमें वर्ष 2025 का गैंगस्टर एक्ट का मामला तथा गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित प्रकरण शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी श्यामनिवास राय, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह, स्वाट टीम प्रभारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

