पूजा-पाठ का झांसा देकर गहने उड़ाने वाला गिरोह दबोचा, तीन शातिर जेल भेजे गए

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


लक्ष्मीपुर/महराजगंज। दान-दक्षिणा और पूजा-पाठ के नाम पर ग्रामीणों को विश्वास में लेकर उनके गहने चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुरंदरपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, एक नथुनी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी किए गए अन्य गहनों को नेपाल में बेचने की बात स्वीकार की है।


जानकारी के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के देवपुर गांव निवासी गोविंद चौरसिया की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मधुकरपुर महदेवा पंचायत भवन के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांवों में दान-दक्षिणा मांगने तथा पूजा-पाठ कराने के बहाने घरों में प्रवेश करते थे। बातचीत के दौरान लोगों का ध्यान भटकाकर उनके शरीर पर पहने गए कीमती आभूषण चोरी कर लेते थे। आरोपियों ने छह जून को देवपुर गांव में हुई घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुशीनगर जनपद के पड़रौना थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुर खुर्द गांव निवासी अखिलेश पांडे, शेरा पांडे और चंदन पांडे के रूप में हुई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि देवपुर से चोरी किए गए गहनों को नेपाल में बेच दिया गया था।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,760 रुपये नकद, पीली धातु की एक नथुनी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।


सतर्क रहने की सलाह


पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपरिचित व्यक्तियों को बिना पहचान के घर में प्रवेश न दें। दान-दक्षिणा, पूजा-पाठ या धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर आने वाले संदिग्ध लोगों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *