गुरुकुल पाठशाला का भव्य उद्घाटन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मिला नया केंद्र

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 05 अप्रैल 2026। जनपद में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुकुल पाठशाला का भव्य उद्घाटन समारोह रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडे एवं कृष्ण गोपाल जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


इस अवसर पर संस्थान के निदेशक सुरेन्द्र प्रसाद चौधरी (सूरी सर) ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरुकुल पाठशाला का उद्देश्य जनपद के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि संस्थान में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। आधुनिक तकनीक एवं अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में नए शैक्षिक मानक स्थापित किए जाएंगे।


मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने संस्थान के विजन की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध होने से अब छात्रों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इससे ग्रामीण एवं अंचल के विद्यार्थियों को भी समान अवसर मिल सकेगा।


कार्यक्रम में संस्थान के संरक्षक गोपाल चौधरी, देवब्रत राय, सर्वजीत वरुण, आर.के. पाण्डेय, ए.डी. सर, दास सर, गिरीश चौधरी, सुरेश चौधरी, डॉ. ऋषिकेश चौधरी सहित शहर के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *