हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 05 अप्रैल 2026 (रविवार): विद्यालय के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर रविवार को वार्षिक परीक्षा 2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. शांति शरण मिश्र भी उपस्थित रहे।
समारोह में सत्र 2026 की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 विद्यार्थियों को अतिथियों के कर-कमलों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 5 की छात्रा आंशी गुप्ता रहीं, जिन्होंने पूरे विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें विशेष पुरस्कार के रूप में ‘कूलर’ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर अतिथियों ने छात्रा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद सलीम खान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य पूजा शाही सहित शिक्षकगण श्याम बदन यादव, सलाउद्दीन, विजय कुमार त्रिपाठी, आमिर खान, अखिलेश, बृजेश, सोमनाथ, तथा शिक्षिकाएं छाया पटेल, प्रतिभा धारिया, सोनी सिद्दीकी, नेहा त्रिपाठी और सलोनी वर्मा एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गूंज के साथ मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

