निचलौल तहसील में कैण्टीन व साइकिल स्टैंड की नीलामी 10 अप्रैल को, इच्छुक आवेदकों से आवेदन आमंत्रित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 4 अप्रैल 2026: उपजिलाधिकारी निचलौल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तहसील परिसर में स्थित कैण्टीन एवं साइकिल स्टैंड के संचालन हेतु वर्ष 2026-27 के लिए नीलामी प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे तहसील मुख्यालय के सभागार में आयोजित की जाएगी।


इस नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति निर्धारित शर्तों के अधीन प्रतिभाग कर सकते हैं। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि दोनों इकाइयों का आवंटन सर्वाधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही किया जाएगा।


नीलामी में शामिल होने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 20,000 रुपये की अग्रिम जमानत धनराशि जमा करनी होगी। सर्वाधिक बोली लगाने के बाद यदि संबंधित व्यक्ति कैण्टीन या साइकिल स्टैंड का संचालन नहीं लेता है, तो उसकी जमानत राशि जब्त कर ली जाएगी।


कैण्टीन की न्यूनतम बोली 1,80,000 रुपये तथा साइकिल स्टैंड की न्यूनतम बोली 90,000 रुपये निर्धारित की गई है। नीलामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सफल बोलीदाता को आधी धनराशि तत्काल जमा करनी होगी, जबकि शेष राशि तीन माह के भीतर जमा करनी अनिवार्य होगी।


प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि आवंटन अवधि समाप्त होने पर 31 मार्च 2027 को शाम 5 बजे तक संबंधित स्थल खाली करना होगा। साथ ही कैण्टीन के आसपास साफ-सफाई की जिम्मेदारी संचालक की होगी और निर्धारित मूल्य से अधिक पर किसी भी सामग्री की बिक्री नहीं की जा सकेगी।


उपजिलाधिकारी को यह अधिकार भी होगा कि वे किसी भी समय आवेदन निरस्त कर दुकान खाली कराने का निर्णय ले सकते हैं।


प्रशासन ने सभी इच्छुक व्यक्तियों से समय से नीलामी में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *