हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
गोरखपुर/मुंबई: बहुचर्चित मुंबई क्रूज ड्रग्स पार्टी प्रकरण से जुड़ा आरोपी कशीफ़ खान आखिरकार उत्तर प्रदेश पुलिस के शिकंजे में आ गया है। गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की पुलिस टीम ने मुंबई में दबिश देकर कशीफ़ खान और उसके गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उसे देर रात गोरखपुर लाए जाने की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि कशीफ़ खान वही शख्स है, जिसका नाम उस हाई-प्रोफाइल क्रूज पार्टी में सामने आया था, जिसमें फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले में एनसीपी नेता नवाब मलिक ने भी कशीफ़ पर गंभीर आरोप लगाए थे और उसे ड्रग्स व सेक्स रैकेट से जुड़ा बताया था।
कशीफ़ खान खुद को फैशन टीवी इंडिया के एमडी बताकर लोगों को झांसे में लेता था। आरोप है कि उसने फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर देशभर में करीब 500 लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की। मुंबई के सांताक्रूज में उसने फैशन टीवी के नाम पर भव्य कार्यालय भी खोल रखा था।
उत्तर प्रदेश में भी उसने कई लोगों को निशाना बनाया। लखनऊ और गोरखपुर के पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस सक्रिय हुई और आखिरकार मुंबई पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान कशीफ़ के साथ मौजूद एक महिला फरार हो गई, जबकि उसके दो साथी कृष्णा और नवीन आहूजा को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्य दुष्यंत सिंह, प्रियेश जैन और हार्दिक गौर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
कशीफ़ खान के खिलाफ देश के विभिन्न शहरों में धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लखनऊ, मुंबई, जयपुर, पटियाला, वडोदरा, उदयपुर, ग्वालियर और गोवा शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और कई और पीड़ित सामने आ सकते हैं।


