पुरैना में अस्पताल निर्माण की मांग तेज, ग्रामीणों ने उठाई आवाज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। विकास खंड घुघली अंतर्गत पुरैना चौराहे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी और मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को देखते हुए ग्रामीणों ने अब इस मुद्दे को गंभीरता से उठाना शुरू कर दिया है।

बताया जा रहा है कि पुरैना चौराहा तेजी से विकसित हो रहा प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय केंद्र बन चुका है। यहां घुघली थाना भी स्थापित है, साथ ही कई बैंक, विद्यालय और एक डिग्री कॉलेज भी संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा क्षेत्र में एक पुरानी और बड़ी बाजार भी लगती है, जिससे यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन बना रहता है।

इसके बावजूद स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुरैना चौराहे से घुघली स्थित सरकारी अस्पताल की दूरी लगभग 8 किलोमीटर है। खासकर रात के समय मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि परिवहन के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं होते।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि थाना क्षेत्र में जब किसी आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराना होता है, तो पुलिस को पहले उसे घुघली अस्पताल ले जाना पड़ता है और फिर वहां से महाराजगंज न्यायालय लाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त खपत होती है।

इन्हीं समस्याओं को लेकर ग्राम प्रधान रवि कुमार पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर शासन-प्रशासन से पुरैना चौराहे पर जल्द से जल्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां सीएचसी का निर्माण हो जाता है, तो आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिलेगी और समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो वे आगे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *