एसपी ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का लिया जायजा, थाना निचलौल का किया औचक निरीक्षण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज, 3 अप्रैल: जनपद में सीमा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ठूठीबारी बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नेपाल से आने वाले मुख्य मार्गों एवं पगडंडियों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बॉर्डर पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी, चेकिंग व्यवस्था, आवागमन की निगरानी तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को सतर्क रहकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।


इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना निचलौल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर कार्यालय, अभिलेख पंजिका, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार एवं साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण एवं जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।


उन्होंने पुलिस कर्मियों को फरियादियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, अनुशासन बनाए रखने तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *