रामपुर बुजुर्ग की पुलिया निर्माण में बड़ा घोटाला! पुरानी दीवार पर रंग-रोगन कर नया दिखाने का खेल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


• शिकायत के बाद भी नहीं थमा खेल, ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत के आरोप


• स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जांच की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। बागापार-महराजगंज मार्ग पर स्थित रामपुर बुजुर्ग में निर्माणाधीन नहर पुलिया को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितता और कथित घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए पुरानी दीवार को ही रंग-रोगन कर नया दिखाया जा रहा है, जिससे लाखों रुपये के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।


स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण के नाम पर पुराने ढांचे को हटाने के बजाय उसी पर गेरू से ईंटों की पुताई कर उसे नया रूप दिया जा रहा है। मजदूरों द्वारा केवल ऊपरी सतह पर काम कर पुराने निर्माण को छिपाने की कोशिश की जा रही है, जिससे पहली नजर में यह नया निर्माण प्रतीत हो, जबकि हकीकत कुछ और है।


ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा कार्य संबंधित ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की मिलीभगत से किया जा रहा है। निर्माण कार्य एक चर्चित फर्म के माध्यम से कराया जा रहा है, जिस पर पूर्व में भी सवाल उठ चुके हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समाजसेवी उमेश चंद मिश्र, काशी प्रसाद, उदयराज यादव, राम सिंह और अली रजा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध जताया।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है और अधिकारियों की चुप्पी इस भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। इसके अलावा दृगपाल चौधरी, हरेन्द्र गौतम, प्रभुदयाल, सेराज आलम, पप्पू राव अंबेडकर और रमेश चौधरी समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर अब वे चुप नहीं बैठेंगे।


इस संबंध में जब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। हालांकि सूत्रों के अनुसार विभागीय स्तर पर मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक जांच शुरू नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *