दुस्साहस: होम डिलीवरी के दौरान गैस सिलेंडर चोरी कर बदमाश फरार, गांव में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। परतावल विकास खंड के ग्राम पंचायत लखिमा में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने पहुंचे एक कर्मचारी से मनबढ़ युवकों ने दुस्साहसिक तरीके से दो सिलेंडर छीन लिए और मौके से फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार, राज गैस सर्विस का कर्मचारी नियमित वितरण के तहत गांव में सिलेंडर पहुंचाने गया था। इसी दौरान पहले से मौके की तलाश में घूम रहे कुछ युवक अचानक वहां पहुंचे और कर्मचारी के पास रखे सिलेंडर उठाकर भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं सके।


पीड़ित कर्मचारी ने शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में डर का माहौल देखा गया।


ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल संकट की अफवाहों के कारण पहले से ही भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।


घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *