गाजियाबाद। बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मुख्य आरोपी असद की पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि फरार चल रहा असद अपने एक परिचित से पैसे लेने के लिए खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है। बताया गया कि रकम हासिल करने के बाद वह शहर छोड़ने की तैयारी में था। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि घिरता देख असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या ने क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद अब पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई से हत्याकांड की जांच में तेजी
सूर्या हत्याकांड को लेकर पहले से ही पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव था। ऐसे में मुख्य आरोपी असद के खिलाफ हुई कार्रवाई को जांच की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच जारी है और शेष आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

