चनकौली में विकास कार्यों पर उठे सवाल, डीएम ने मांगी त्वरित रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जांच में देरी से नाराज़ प्रशासन, अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के सख्त निर्देश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज जिले के सिसवा विकास खंड की चनकौली ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। मामले में शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


ग्राम निवासी रामसनेही निषाद द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में हुए कई कार्यों में अनियमितताएं बरती गई हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मामले की जांच पहले भी कराई जा चुकी है, लेकिन रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है।


बताया जा रहा है कि हाल ही में दोबारा जांच कर आश्वासन दिया गया था कि जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। इससे ग्रामीणों में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।


प्रशासन ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निष्पक्षता के साथ जांच पूरी कर समयबद्ध तरीके से आख्या प्रस्तुत करें, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


अब इस मामले में प्रशासनिक कदमों पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *