हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में समस्त तहसीलों के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी (सीओ), एआरटीओ और खनन अधिकारी शामिल हुए।
विगत दिनों में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोजित इस बैठक में जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने खनन निरीक्षक से पंजीकृत वाहनों और वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) से लैस वाहनों की जानकारी ली। बताया गया कि जनपद में 327 वाहन खनन परिवहन के लिए पंजीकृत हैं, जिनमें केवल 8 वाहनों में वीएलटीडी लगा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि बिना वीएलटीडी वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि खनन सामग्री का परिवहन केवल निर्धारित मानकों और अनुमन्य वाहनों से ही किया जाए। ओवरलोडिंग या गैर-वाणिज्यिक वाहनों से परिवहन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत वाहनों पर पहचान के लिए संकेतक चिन्ह (पेंटिंग या अन्य माध्यम) अनिवार्य करने के निर्देश दिए। बिना चिन्ह वाले वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध खनन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों का गठन करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ये टीमें तत्काल प्रभाव से प्रमुख मार्गों पर औचक अभियान चलाकर सघन चेकिंग और प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी और खनन अधिकारी उपस्थित रहे।


