संयुक्त टीम ने ट्रक समेत तीन वाहन किए सीज, 87 हजार से अधिक का जुर्माना ठोका
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल /।महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अवैध मिट्टी खनन व ओवरलोड वाहनों के संचालन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर एक ट्रक और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया, साथ ही भारी जुर्माना भी वसूला गया।
लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एसओ अभिषेक सिंह, एआरटीओ मनोज कुमार सिंह और चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह की टीम सक्रिय रही। अभियान के दौरान ओवरलोड सफेद बालू से लदा एक ट्रक पकड़ा गया, जिसे मौके पर ही सीज करते हुए उस पर 87,250 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा परतावल क्षेत्र के टोला देवीपुर में मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी टीम ने जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत अब तक चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और तीन डंपर पर कार्रवाई की जा चुकी है।
एसओ अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


