453 लाख की लागत वाले भवन पर उठे सवाल, 5 डिसमिल गेहूं की फसल बर्बाद; ग्रामीणों ने डीएम से जांच की मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मधुबनी में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का छात्रावास इन दिनों स्थानीय किसानों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। लाखों की लागत से तैयार इस भवन में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रावास परिसर में बने शौचालय की टंकी से लगातार गंदे पानी का रिसाव हो रहा है। यह दूषित पानी पास के खेतों में फैल रहा है, जिससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों के अनुसार, करीब 5 डिसमिल में लगी गेहूं की फसल पूरी तरह चौपट हो चुकी है।

स्थानीय निवासी विद्या पुत्र खदेरू ने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करते हुए निर्माण कार्य की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि विद्यालय का निर्माण कार्य सी एंड डी एस, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), गोरखपुर द्वारा कराया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि टंकी का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया, जिसके चलते लगातार रिसाव हो रहा है। साथ ही गंदे पानी की निकासी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है।
शिकायत के बाद ठेकेदार पक्ष के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे पूरे प्रकरण पर सवाल और गहरे हो गए हैं।

