खनन माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, अवैध परिवहन में लगी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

भिटौली/महराजगंज जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में भिटौली थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज सामग्री ढो रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में खलबली मच गई।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिटौली पुलिस ने ग्राम बसवार नूतन क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनिज सामग्री लेकर जाती मिलीं। जब वाहन चालकों से परिवहन संबंधी वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।


इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूपी 56 एयू 7839, यूपी 56 बीएच 0164 तथा यूपी 56 जेड 7395 को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक ट्रॉली में मिट्टी तथा दो ट्रॉलियों में राबिस लदी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि तीनों वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्रकरण खनन विभाग को भेज दिया गया है।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *