लिंटर लगने के बाद काम बंद, कागजों में सैकड़ों मजदूर दिखाए गए ,जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई तय
परतावल/ महराजगंज जिले के परतावल ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महम्मदा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य में यह अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार कई मास्टर रोल में भारी संख्या में मजदूरों की फर्जी हाजिरी दर्ज की गई, जबकि मौके पर एक भी श्रमिक कार्य करता नहीं मिला। भवन की छत की ढलाई एक सप्ताह पहले ही पूरी हो चुकी है और तब से कोई काम नहीं हो रहा है, फिर भी हाजिरी लग रही है।
ग्राम पंचायत महम्मदा के निवासी पारसनाथ, विश्राम, सोनू, रिंकू, राजन पाण्डेय व मुन्ना मौर्या सहित अन्य ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।वही ग्राम पंचायत सचिव सृष्टि सिंह ने मामले में चुप्पी साधे हुई है और फोन तक नही उठा रही है।
सहायक विकास अधिकारी (मनरेगा) दिलीप गौतम ने बताया कि यदि बिना कार्य के गलत तरीके से हाजिरी भरी गई है तो संबंधित मास्टर रोल को शून्य कर दिया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी परतावल संतोष कुमार यादव ने बताया कि मामले में जांच कराई जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


