हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भैंसा में नहर की पटरी पर लंबे समय से बने अवैध कब्जों पर सोमवार को सिंचाई विभाग ने कार्रवाई की। विभागीय टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से झोपड़ियां हटवा दीं। कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे उनकी एक न चली।

बताया गया कि संबंधित ग्रामीणों को पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा बीतने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद विभाग ने यह कदम उठाया।
सहायक अभियंता एस.एन. चौधरी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, इसलिए जेसीबी से हटवाना पड़ा।
वहीं स्थानीय निवासी वासुदेव ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पहले जमीन की पैमाइश कराई जाती तो नुकसान कम होता। उनका आरोप है कि बिना पैमाइश किए ही झोपड़ियां हटवा दी गईं।
कार्रवाई के दौरान जिलेदार संजीव सिंह, मनोज कुमार, कृपा शंकर अग्रहरी, अशोक कुमार, अनुग्रह राय, रुपेश वर्मा समेत पुलिस बल मौजूद रहा।


