चोरों के हमले में ग्रामीण संतोष गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती,जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स):  सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बसंतपुर खुर्द गांव में नकब काट कर चोरी का विरोध पर चोरों ने पड़ोसी को चाकू मार कर घायल कर दिया। दरअसल चोरी के दौरान ही ग्रामवासी संतोष शौच के लिए बाहर निकला था और पड़ोसी के घर में हलचल देख उसने शोर मचाना शुरू कर दिया लेकिन इसी दौरान तीनों चोरों ने उसपर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकब कटे घर से बक्सा और करीब एक लाख का सामान लेकर फरार हो गए। सूचना पर रात में ही पहुंची पुलिस घायल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई । पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मिली खबर के मुताबिक बसंतपुर खुर्द गांव के दक्षिण तरफ ग्रामवासी मुन्ना और संतोष का घर आमने-सामने है। रात में करीब एक बजे मुन्ना के घर में चोर दो जगह नकब काट कर घर में घुस गये थे अभी वह घर में रखे सामान को टटोल ही रहे थे कि इसी दौरान रात में पड़ोसी संतोष शौच के लिए बाहर निकल आया। सामने के मकान से सामान निकालते देख संतोष ने शोर मचाते हुए अपने घर में घुसने का प्रयास किया। इसी दौरान दो चोर भी दौड़कर उसके घर में घुस गए और उसे पकड़ लिया। दोनों से संतोष की हाथापाई हो ही रही थी कि इसी दौरान तीसरा चोर चाकू से उसके चेहरे पर वार कर दिया। चाकू लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, उधर शोर सुनकर उसकी पत्नी जग गई, जिसके सिर का बाल पकड़कर चोरों ने उसकी भी पिटाई कर दी और फरार हो गए। इधर शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद मुन्ना के घर में चोरी होने की बात सामने आई।

मुन्ना के घर में सामान समेत करीब एक लाख के जेवरात चोरी होने की सूचना है। रात में ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना पीआरवी -112 और सिंदुरिया पुलिस को दी, जिसपर पहुंची पुलिस ने घायल संतोष को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और चोरी के मामले में घटना स्थल का निरीक्षण भी किया।

मालूम हो कि मुन्ना के घर से जो बक्सा रात में चोरी गया था वह शुक्रवार की सुबह गांव के पूरब में 800 मीटर दूर जगत प्रजापति के खेत से बरामद हुआ है। बक्से में रखें कीमती सामानों को छोड़कर बाकी सामान आरोपितों ने खेत में फैला कर छोड़ दिया था । शुक्रवार की सुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने यह नजारा देखा तो पुलिस को सूचना दी इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से को लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *