कोर्ट में मामला विचाराधीन, फिर भी शिव मंदिर के सामने जबरन निर्माण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


ग्रामीणों का विरोध, पुलिस ने पहुंचकर रुकवाया काम; गांव में तनाव का माहौल

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम कटहरा खास, तप्पा कटहरा परगना हवेली में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने की भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विवादित भूमि पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है, जबकि मामला उच्च न्यायालय स्तर पर विचाराधीन है।


ग्रामीणों के अनुसार, उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में मा० राज्यपाल के नाम दर्ज है और इस संबंध में वाद मंडल आयुक्त के न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद गांव के ही राजेन्द्र पुत्र मखडू समेत कुछ लोगों द्वारा कथित दबंगई के बल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।


निर्माण की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। इस दौरान हिन्दू युवा वाहिनी के पूर्व उपाध्यक्ष राम सरन निषाद के नेतृत्व में लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोग झगड़े पर आमादा हो गए, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।


घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान रामबचन साहनी ने थाना कोतवाली महराजगंज के प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित भूमि पर निर्माण न्यायालय की अवमानना है और इससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।


प्रार्थना पत्र के आधार पर बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। पुलिस की मौजूदगी से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, हालांकि ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा विवादित भूमि की पैमाइश कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे विवादों से बचा जा सके।


मौके पर मिथिलेश सिंह, ज्ञान प्रकाश राय, बृजेश सिंह, महेंद्र उर्फ हीरा, राजू सहानी, भागीरथी यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *