तेज रफ्तार का कहर: बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

कई दिनों तक चला इलाज, आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए जगतू चौधरी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। ग्राम पंचायत टिमटिमवापुर निवासी 65 वर्षीय जगतू चौधरी की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 मार्च की शाम करीब 7 बजे जगतू चौधरी साइकिल से अपने काम से लौट रहे थे। तभी परतावल की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। लेकिन गुरुवार की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।


बताया जा रहा है कि मृतक श्यामदेउरवा-बड़हरा मार्ग स्थित एक खाद की दुकान पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने परिवार के मुखिया थे और उनके दो पुत्र हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।


घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *