हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शुक्रवार को नेशनल मानवाधिकार संगठन की जिला इकाई ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार चौरसिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात कर भर्ती में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होने की आशंका है। इस संबंध में संगठन पदाधिकारियों ने अधिकारियों को मौखिक रूप से भी स्थिति से अवगत कराया और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पंडित दुर्विजय नाथ दुबे ने कहा कि संगठन लगातार जनहित के मुद्दों को उठाता रहा है और यदि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्षता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें राष्ट्रीय महासचिव सतीश पाण्डेय, उत्तर प्रदेश कानूनी सलाहकार एडवोकेट विनय कुमार पाण्डेय, गोरखपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप चतुर्वेदी तथा जिला संयोजक सन्नी दूबे सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो वह व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। वहीं प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद फिलहाल संगठन ने संतोष जताया है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

