साढ़े चार लाख की ठगी का आरोप; चप्पल लेकर दौड़ी महिला, पुलिस हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य
महराजगंज(हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो)। नौतनवा स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने कथित पैसों के लेनदेन को लेकर एक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय परिसर में मनोनीत सभासदों व पदाधिकारियों के स्वागत का कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम शुरू होने ही वाला था कि तभी एक महिला अपने बेटे के साथ पहुंची और सीधे एक पदाधिकारी के पास जाकर विवाद शुरू कर दिया।
महिला का आरोप था कि उसने संबंधित व्यक्ति को एलआईसी के नाम पर करीब साढ़े चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन रकम जमा नहीं की गई और हड़प ली गई। इसी को लेकर वह लंबे समय से पैसे वापस मांग रही थी।
देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और गुस्साई महिला ने पदाधिकारी को थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, उसने कॉलर पकड़कर खींचतान भी की। स्थिति और बिगड़ गई जब महिला चप्पल लेकर मारने दौड़ पड़ी। इस दौरान उसका बेटा भी आक्रोशित नजर आया, जिससे माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और महिला व उसके बेटे को बाहर ले जाकर मामला शांत कराया। इसके बाद कार्यक्रम पुनः शुरू कराया गया।
इस संबंध में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि यदि पहले से जानकारी होती तो स्थिति को टाला जा सकता था। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों पक्ष एक ही पार्टी से जुड़े हैं और जल्द ही आपसी बातचीत से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।


