विदेश भेजने का सपना दिखाकर 2.25 लाख हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर चार पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल / महराजगंज। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने तथा विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने के मामले में न्यायालय के निर्देश पर श्यामदेउरवा पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माफी छपौली निवासी मनउवर अली ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बरवा उर्फ सियरहीभार गांव निवासी नसीबुल्लाह, हसीबुल्लाह, हबीब और हजीबुननिशा ने उन्हें विदेश भेजकर रोजगार दिलाने का भरोसा दिलाया था। इस भरोसे में आकर उन्होंने आरोपितों को कुल 2 लाख 25 हजार रुपये दे दिए।


पीड़ित का कहना है कि रकम लेने के बाद आरोपित न तो विदेश भेज सके और न ही पैसा वापस किया। जब उन्होंने अपनी धनराशि लौटाने की मांग की तो आरोपितों ने कथित तौर पर अभद्रता करते हुए मारपीट की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।


मामले में न्यायालय के आदेश के बाद श्यामदेउरवा पुलिस ने चारों नामजद आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *