हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। पनियरा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा नेवास पोखर स्थित आदिशक्ति कारण माता मंदिर, बड़का बगीचा में 9 मार्च से प्रारंभ हुआ श्री श्री शतचण्डी महायज्ञ भक्ति, आस्था और उत्साह के अभूतपूर्व संगम के साथ सकुशल सम्पन्न हो गया। समापन अवसर पर आयोजित विशाल मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की और मेले का आनंद लिया। चारों ओर गूंजते भक्ति गीत, जयकारे और श्रद्धा की ध्वनि ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
समापन के अवसर पर आयोजित भव्य भण्डारा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां हजारों साधु-संतों और क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा और समर्पण की भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन ने लोगों के दिलों को छू लिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान पनियरा पुलिस की सतर्कता और सक्रियता सराहनीय रही। पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखा, जिससे महायज्ञ शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन की तत्परता की खुलकर प्रशंसा की। यज्ञकर्ता पारसनाथ यादव ने भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
समापन संध्या पर रामलीला मंच पर गायक व अभिनेता आदित्य वर्मा उर्फ छोटू भईया के भक्ति गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके सुरों पर हजारों श्रद्धालु देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर जमे रहे।

महायज्ञ के सफल आयोजन पर यज्ञकर्ता पारसनाथ यादव ने सभी सहयोगियों, क्षेत्रवासियों, कलाकारों, आचार्यों, श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह भव्य आयोजन संभव हो सका।


