राम दरबार झांकी, रंगोली और दीया मेकिंग प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। विजन एकेडमी परिसर में इस वर्ष दीपावली पर्व धूमधाम, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षण, अशिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं से वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों द्वारा प्रस्तुत राम दरबार झांकी ने सभी का मन मोह लिया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, सीता माता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की जीवंत झांकी ने समूचे परिसर को भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत कर दिया।

दीपावली के अवसर पर विद्यालय में रंगोली और दीया मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में छात्रों ने विविध रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। वहीं दीया मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मिट्टी के दीयों को रंगों और डिजाइनों से सजा कर दीपोत्सव का असली आभास कराया। सजे हुए दीयों और रंगोलियों से विद्यालय का परिसर आलोकित और मनोहारी दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सृजनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाया और एक-दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
