चनकौली में घोटाले की गूंज: जांच के दौरान प्रधान ने मानी गलती, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



पुत्र-पुत्रवधू को मजदूरी भुगतान और निजी फर्म से निकासी स्वीकार


करीब 18 लाख के भुगतान पर सवाल, 10 दिन में रिपोर्ट का आश्वासन


महराजगंज जनपद के सिसवा विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत चनकौली में कथित वित्तीय अनियमितताओं और शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासनिक जांच के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा अपनी गलतियों को स्वीकार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार, 18 मार्च को गांव में जांच की गई। जांच अधिकारी ने वर्तमान में ग्राम विकास अधिकारी कार्यालय के रूप में संचालित हो रहे विद्यालय भवन में अभिलेखों की जांच और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए। इस दौरान ग्राम प्रधान ने स्वीकार किया कि भूलवश अपने पुत्र और पुत्रवधू के खाते में मजदूरी का भुगतान कर दिया गया। साथ ही अपने पुत्र की निजी फर्म से खरीदारी दिखाकर धन निकासी करने की बात भी कबूल की।


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय भवन को ग्राम विकास अधिकारी कार्यालय के नाम पर मरम्मत कराए जाने में लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रधान और जांच अधिकारी के बयान मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामसनेही पुत्र गोपाल ने 12 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर शासकीय धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 फरवरी को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को प्रारंभिक जांच सौंपी गई थी।


जांच अधिकारी द्वारा 6 मार्च को खंड विकास अधिकारी सिसवा से संबंधित अभिलेख मांगे गए थे, लेकिन समय पर दस्तावेज उपलब्ध न होने से जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई। पहले यह जांच 12 मार्च को प्रस्तावित थी, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया था।


ग्रामीणों का आरोप है कि अनियमितताओं में करीब 18 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। साथ ही मरम्मत कार्य में भी भारी धनराशि खर्च की गई है। मामले को लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है और विरोध प्रदर्शन भी किया गया।


जांच अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।


चनकौली में घोटाले की गूंज: जांच के दौरान प्रधान ने मानी गलती, वीडियो वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *