निचलौल में नाले से युवक का शव बरामद, युवक तीन दिन से था लापता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पहचान होते ही मचा कोहराम, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा , मौत के कारणों की जांच जारी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। निचलौल कस्बे के बस स्टेशन के पास मंगलवार को एक युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की नजर जैसे ही नाले में पड़े शव पर पड़ी, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। कुछ ही देर में मृतक की पहचान गजेंद्र प्रजापति (35) पुत्र रमेश, निवासी ग्राम रूद्ररौली के रूप में हुई, जो बीते तीन दिनों से घर से लापता था।


मृतक की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि गजेंद्र पेंटिंग का काम करता था और शराब की लत के कारण अक्सर घर से कई दिनों तक गायब रहता था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आशंका का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *