पनियरा पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र में पोखरे से मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। प्रेम प्रसंग में अंजाम दी गई इस सनसनीखेज हत्या में पुलिस ने एक युवक और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 4 नवंबर की है, जब बसडीला गांव के पास एक पोखरे में अज्ञात महिला का शव मिला था। शिनाख्त के बाद मृतका की पहचान पनियरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी संजना राजभर के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि संजना का प्रेम संबंध अरुण पुत्र गोली राजभर से था। करीब छह महीने पहले दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद अरुण उसे अपने घर लाना चाहता था, लेकिन संजना बच्चे के जन्म के बाद आने की बात कह रही थी।
31 अक्तूबर की रात अरुण ने संजना को बहाने से अपने घर बुलाया, जहां दोनों में कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर की भोर में अरुण और उसकी मां अंशु देवी ने मिलकर संजना की हत्या कर दी। पहले उसका मुंह दबाकर पीटा, फिर दीवार पर सिर पटककर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों ने शव को पोखरे में फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके।
पनियरा पुलिस ने 6 नवंबर को डिंगुरी सिवान स्थित एक बागीचे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस खुलासे में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह, राजेन्द्र यादव, प्रदीप सिंह और महिला कांस्टेबल विक्की गौड़ की अहम भूमिका रही। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन में की गई।

